बारिश से जल शक्ति डिवीजन सुंदरनगर की 34 स्कीमें हुई प्रभावित

बारिश से जल शक्ति डिवीजन सुंदरनगर की 34 स्कीमें हुई प्रभावित

 सुंदरनगर में बारिश से दो करोड का हुआ नुकसान 

उपभोक्ताओं से संयम से काम लेने की अपील


Next 2 News Himachal


सुंदरनगर 10 जुलाई 

पिछले 3 दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जल शक्ति विभाग के सुंदर नगर डिवीजन के तहत आने वाली 34 योजनाएं प्रभावित हुई है। इन योजनाओं के कई जगह से क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण विभाग को करीब दो करोड़ का नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त हुई इन योजनाओं में पेयजल के अलावा सिंचाई योजनाएं भी शामिल है। क्षतिग्रस्त हुई योजनाओं में सुंदरनगर शहरी क्षेत्र की अर्बन वाटर सप्लाई तथा सीवरेज की भी एक योजना शामिल है। इन योजनाओं में सबसे ज्यादा 16 लाख रुपए का नुकसान रोहाडा चरखड़ी पेयजल योजना का हुआ है जिसमें इस योजना के तीन इंटेक चेंबर सहित इस योजना का हेडवेयर भी डैमेज हो गया है। यही नहीं भारी बारिश के चलते भूस्खलन होने की वजह से जल शक्ति डिवीजन सुंदरनगर की विभिन्न योजनाओं के तहत  विभिन्न व्यास की करीब 6700 मीटर पाइपे भी क्षतिग्रस्त हो गई है। 

                जल शक्ति डिवीजन सुंदर नगर की विभिन्न योजनाओं के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण कई पेयजल योजनाएं भी बाधित हो गई है जिससे इन योजनाओं के तहत आने वाले ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ सकता है।  सुंदरनगर शहर के लिए जो बीबीएमबी जलाशय से उठाऊ पेयजल योजना है जलाशय में गाद भरने से वह भी प्रभावित हुई है तथा विभाग इस योजना के माध्यम से भी करीब 25% पानी ही सप्लाई कर रहा है ताकि गाद से योजना को कोई क्षति ना पहुंचे।जल शक्ति डिवीजन सुंदर नगर के अधिशासी अभियंता रजत गर्ग ने बताया कि आम जनता को कोई परेशानी ना हो इसके लिए साथ लगती दूसरी योजनाओं से जोड़कर प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने सुंदरनगर डिवीजन के तहत आने वाले सभी उपभोक्ताओं से संयम से काम लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इन योजनाओं को सुचारू रूप से चलाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

About Himachaltoday.in -by Ansari.

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें

If you have any Quary than